​दीपावली से पहले जयपुर में बड़ी कार्रवाई: 1400 किलो सड़े-गले दूषित बादाम सीज, कीड़े लगे स्टॉक से बनाई जानी थी मिठाइयां


​जयपुर:

त्योहारों के सीजन में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक कोल्ड स्टोरेज में रखे 1400 किलो सड़े-गले, दूषित और कीड़े लगे बादाम को सीज किया है। यह स्टॉक दीपावली के त्योहारी सीजन में मिठाइयों के लिए उपयोग होने वाली बादाम कटिंग के रूप में खपाया जाना था।

​अतिरिक्त मुख्य सचिव और आयुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई

​अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, अविचल चतुर्वेदी के निर्देशों के क्रम में सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने कल देर रात यह औचक कार्रवाई की।

​सीतापुरा इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित कोल्ड स्टोरेज में छापा

​सीएमएचओ जयपुर द्वितीय, डॉ. मनीष मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने सीतापुरा इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित 'केशव कोल्ड स्टोरेज' का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां प्लास्टिक के बिना लेबल लगे 35 कट्टों में बादाम भरे हुए मिले।

​कोल्ड स्टोरेज के रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि यह पूरा स्टॉक बारह जी की गली, चांदपोल बाजार स्थित फर्म 'मैसर्स मित्तल ट्रेडिंग कंपनी' द्वारा रखवाया गया था, जिसका कुल वजन लगभग 1400 किलो था। जब अधिकारियों ने कट्टे खोलकर बारीकी से जांच की, तो बादाम पूरी तरह सड़े-गले, खराब और कीड़े लगे हुए पाए गए।

​मिठाइयों में होना था इस्तेमाल

​रिकॉर्ड के आधार पर फर्म के प्रोपराइटर अनिल कुमार गुप्ता को मौके पर बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा मानक (FSS) अधिनियम के अंतर्गत बादाम का आधिकारिक नमूना (सैंपल) लिया गया और जांच रिपोर्ट आने तक शेष करीब 1400 किलो दूषित बादाम को सीज कर दिया गया।

​पूछताछ में प्रोपराइटर ने स्वीकार किया कि इन बादामों को रिटेल में नहीं बेचा जाता, बल्कि इनकी धुलाई कर मशीन से कटिंग की जाती है और फिर बादाम कटिंग के रूप में इन्हें बेचा जाता है। दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए ही यह खराब स्टॉक विशेष रूप से मंगवाया गया था।

​—  रॉयल सूर्य समाचार, जयपुर

Comments

Popular posts from this blog

सार्वजनिक निर्माण विभाग नगर खंड 3 जयपुर में ​स्थानान्तरित अभियन्ताओं के कार्यकाल के लंबित बिलों के निस्तारण को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग संवेदक संघ ने अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन।✴️

​ढाई साल में 40 विला-कौटेज खरीदने का मामला: देर रात एसीएस शिखरअग्रवाल एपीओ।